
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज की राष्ट्रीय सेवा योजना तथा वीगन आउटरीच नामक संस्था के संयुक्त तत्वाधान में “फूड-प्लैनेट-हेल्थ विषय पर एक वेबीबार का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ राजेश गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार दिनांक 24 मार्च 2026 को किया गया। कार्यक्रम के संयोजक ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के एनएसएस प्रभारी डॉ अरविंद कुमार मिश्र के द्वारा वेबिनार का संचालन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में वीगन आउटरीच संस्था से अभिषेक दुबे ने वेबिनार के विषय पर प्रकाश डाला। वक्ता ने बताया कि पशु आधारित भोजन आज वैश्विक स्तर पर पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और पशु पक्षियों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न कर रहा है अतः पौध आधारित भोजन की ओर वापस मुड़ने की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से ज्यादा से ज्यादा पौध आधारित वीगन भोजन को अपनाकर पर्यावरण, अपने स्वास्थ्य तथा प्राणियों को बचाने की अपील किया। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदारी भरा उपभोग आज संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डेवलपमेंट लक्ष्यों में से एक है और इसपर कार्य करना हम सबकी प्राथमिकता होना चाहिए।
एनएसएस प्रभारी डॉ अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि ये कार्यक्रम विद्यार्थियों को एक पर्यावरण-हितैषी, स्वास्थ्यवर्धक एवं मानवीय भोजन पद्धति अपनाने में बड़ा मददगार होगा और सभी प्रतिभागियों को इससे सीख लेकर जीवनशैली में सुधार अवश्य करना चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त किया कि जिस प्रकार फैक्ट्री फार्मिंग के वजह से जीवों की प्रजातियां तेजी से खत्म हो रही हैं और धरती छठवें महाविनाश के दौर से गुजर रही है, ये आने वाले दिनों में तमाम प्राकृतिक चक्रों को बुरी तरह बिगाड़ सकता है जिससे मनुष्य व अन्य प्राणियों के सामने भोजन, पानी आदि की विकराल स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
वक्ता अभिषेक दुबे ने विस्तार से भोजन का पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य व प्राणियों पर पड़ने वाले प्रभाव प्रकाश डाला और बताया कि पौध आधारित भोजन से अपनी आवश्यकता के सारे पोषक पदार्थ प्राप्त करके ज्यादा स्वस्थ रहा जा सकता है और साथ ही जलवायु परिवर्तन, प्रजातियों के विलुप्तीकरण, जंगलों की कटाई, भुखमरी आदि समस्याओं को कम किया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी व लगभग 200 एनएसएस स्वयंसेवक/ स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।


